Translate

Tuesday, June 16, 2026

G151- मुझसे चलती हुई तलवार किसी और की है

मुझसे चलती हुई तलवार किसी और की है 
जो बचानी है वो दस्तार किसी और की है 

कैसे ढल पाएगी छत अपने घरौंदे की बता 
दर तो तेरा है प दीवार किसी और की है 

मैं अगर चुप हूँ तो ये मान ले ख़ुद में गुम हूँ 
ख़ामुशी मेरी अज़ादार किसी और की है 

मेरे इसरार प भी रुकते नहीं है आँसू 
चश्मे-तर मेरी नमक-ख़्वार किसी और की है  

मैं तो बस जोड़ रहा हूँ किसी के नक़्शे-पा 
मेरी दुनिया की ये रफ़्तार किसी और की है 

तुमने दिल से लगा रक्खी है जो तस्वीर "दिनेश"
मुझको कह देते ना इक बार किसी और की है

दिनेश नायडू 

No comments:

Post a Comment