निकल आया है फिर से बेख़ौफ़ सूरज
वही आसमाँ है,खुला, साफ़, नीला
कुछ इक अब्र बिखरे हुए हैं फ़लक पर
सभी कुछ भला सा नज़र आ रहा है
वही अधखुला सा ये मेरा दरीचा
वही जाना-पहचाना पीपल का इक पेड़
वही मुस्कुराती सी तन्हा सी शाखें
लगे चहचहाने दुबारा परिंदे
सभी जुट गये हैं मुझी को जगाने
हर इक दूसरे दिन सा है आज का दिन
मैं ख़ुद कर रहा हूँ अब उठने की कोशिश
मिरे पाँव लेकिन अभी भी जमे है
उसी ख़ाब की दलदलों में फँसे हैं
नहीं दे रहे हैं इजाज़त कि चल लो
मगर मैं भी मजबूर करता हूँ इनको
हर इक दूसरे दिन सा है आज का दिन
निकल आया हूँ घर से तैयार हो कर
नये दिन के चौबीस घंटे बिताने
मैं दफ़्तर के जानिब चला जा रहा हूँ
वो साये भी देखो चले आ रहे हैं
मेरे पीछे पीछे लगे आ रहे हैं
हर इक दूसरे दिन सी मेरी फ़ज़ा है
वही तन्हा ख़ामोश मद्धम हवा है
ये चीख़ों भरी, शोर करती सड़क पर
मैं अक्सर यही सोचता हूँ ठिठक कर
कि अब भी उसी ख़ाब वाली नदी के
किनारे किनारे चला चला जा रहा हूँ
कई फूल खिलते चले जा रहे हैं
अभी भी यहीं हैं बहारों का मौसम
हर इक दूसरे दिन सा है आज का दिन
मैं ख़ाबों की दुनिया में ही मुब्तला हूँ
वही जाने पहचाने चेहरे पुकारें
मुझे बस के अड्डे पे घूरे निहारें
वही कसमसाती हवा दरमियाँ है
दरीचों पे छज्जों पे काई जमी है
अभी भी यहाँ पर पुरानी नमी है
कि जैसे यहाँ हो वो बारिश का मौसम
जिसे मैंने और तुमने मिल कर गुज़ारा
तुम्हें बारिशों से शिकायत बड़ी थी
नज़र फिर भी मेरी उसी पर गड़ी थी
उसी ख़ाब वाली नदी के किनारे
तुम्हारी तरफ ही बढ़ा जा रहा था
मगर कैसे आऊं तुम्हारी तरफ़ मैं
मेरी बस खड़ी है मिरी मुंतज़िर है
मैं दफ़्तर पहुँचने से हो जाउँगा लेट
मुझे माफ़ करना अभी जा रहा हूँ
हर इक दूसरे दिन सा है आज का दिन
ये बस आज भी लो गले तक भरी है
कोई सीट ख़ाली नहीं दिख रही है
मैं इस भीड़ से मिल गया आज फिर से
मैं फिर से खड़ा हूँ किसी बुत सा बस में
ये लगता है मुझको कि थम जायगा वक़्त
उसी रोज़ जैसे, उसी शाम जैसे
उसी ख़ाब वाली नदी के किनारे
मैं डूबा हुआ था तुम्हारी महक में
तुम्हें अपनी बाँहों में भींचा हुआ था
तुम्हारे लबों ने मुझे ज़िंदगी दी
तुम्हारी निगाहों में डूबा हुआ था
मेरे सामने ही है माज़ी का चेहरा
मगर अब मुझे लौटना है दुबारा
मिरी बस मिरे स्टॉप से लग रही है
मुझे मेरा दफ़्तर नज़र आ रहा है
किसी और दिन की तरह आज फिर से
मेरा मुंतज़िर है ये लंबा सा इक दिन
मिटी जा रही है वो ख्वाबों की दुनिया
हक़ीक़त अभी भी वही की वही है
दिनेश नायडू
बहुत ही दिल की गहराइयों से लिखे नज़्म
ReplyDelete👏👏👏👏