Translate

Saturday, April 25, 2020

ग़ज़ल में नाम उसका इस्तिआरा कर रहें हैं हम


मुहब्बत तेरी गलियों से किनारा कर रहें हैं हम
हमें मालूम है कैसा ख़सारा कर रहें हैं हम

गँवा दी उम्र हमने अपने दिल को दश्त करने में
और अब इस दश्त में अपना तुम्हारा कर रहे हैं हम

ये दरिया तुझ किनारे पर हमें आने नहीं देता
सो अब रो रो के इस दरिया को खारा कर रहें हैं हम

कभी तो हम दिवानों के जहाँ में रौशनी लौटे
न जाने कब से उस दर का नज़ारा कर रहे हैं हम

हर इक पहलू से हर मंज़र बरत कर देखने के बाद
ग़ज़ल में नाम उसका इस्तिआरा कर रहें हैं हम

फिर उसके बाद कोई और दुख दिल को नहीं भाया
सो पहला इश्क़ ही अपना दुबारा कर रहें हैं हम

टपकता ख़ून मिट्टी में मिले तो रंग उभरेंगे
सो इन गलियों के ज़र्रों को सितारा कर रहे हैं हम

कहाँ चलती है दिल की वहशतों के आगे अब अपनी
सो अब अपने ही दिल को पारा पारा कर रहें हैं हम

दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment