सियाह अब्र मेरी चश्मे-तर में ज़म किये जांय
गुज़श्ता दौर के सावन सभी बहम किये जांय
गुज़श्ता दौर के सावन सभी बहम किये जांय
कोई तो फूल खिले दिल की ख़ुश्क मिट्टी में
कोई सबब तो मिले जिससे दर्द कम किये जांय
ख़याल भी न करें दिल के ख़स्ता हाल का हम
बस अपने दीदा-ए-पुर-नम को और नम किये जांय
जहाँ भी देखो वहाँ पर ख़ला का है फैलाव
"कोई तो चाँद हो जिसका तवाफ़ हम किये जांय"
दुआ हमारी कभी पूरी हो नहीं सकती
तमाम टूटते तारे शरीके-ग़म किये जांय
हमारे बस में अगर होगा तो ऐ बिछड़े दोस्त
तलाश हम तेरी यूँ ही जनम-जनम किये जांय
ये संगलाख़ ज़मीं सब्ज़ हो भी सकती है
हुरूफ़ दिल के अगर ठीक से रक़म किये जांय
मैं रक़्स करता रहूँ दश्ते-दिल में बेपरवाह
ग़ज़ाल आ के मेरे इर्द-गिर्द रम किये जांय
फ़क़ीर हो के भी छोड़ी नहीं है ख़ुद्दारी
"दिनेश" किसलिये फिर आप पर करम किये जायें
दिनेश नायडू
No comments:
Post a Comment