रात-दिन मलबा उमीदों का उठाते हुए हम
टूट जायें न कहीं ख़ुद को बनाते हुए हम
टूट जायें न कहीं ख़ुद को बनाते हुए हम
देखते रहते हैं वीरान गुज़रगाहों को
नक़्शे-पा तेरे ख़यालों के मिटाते हुए हम
रोने लगते हैं तेरी क़ब्र पे रखते हुए फूल
दिल में कत्बा तेरी यादों का लगाते हुए हम
रात के होंठ से होंठ अपने मिला देते हैं
अपनी आँखों में सितारों को बुझाते हुए हम
बेतरह कोसते रहते हैं हवा को शब भर
ताक़ पर रक्खे हुए दीप जलाते हुए हम
देख के हमको सिसकती हुई सारी दुनिया
और हँसते हुए दुनिया को मनाते हुए हम
झूठ कहते हैं बहुत ख़ुद से तेरे बारे में
दिल-खंडर में तेरी तस्वीर सजाते हुए हम
मोड़ ली फिर तेरी गलियों की तरफ़ को गाड़ी
"जाने कब आयें तेरे शहर से जाते हुए हम"
जज़्ब हो जायेंगे शायद कहीं सहराओं में
ख़ाक के रंग में हर रंग मिलाते हुए हम
ख़्वाबे-तामीर मिटाता हुआ बारिश का दौर
फिर भी काग़ज़ की नयी नाव बनाते हुए हम
दिनेश नायडू
No comments:
Post a Comment