Translate

Wednesday, June 10, 2026

G149- सबब नहीं है मगर बात करता रहता हूँ

सबब नहीं है मगर बात करता रहता हूँ
सुकूते-क़ल्ब का इस्बात करता रहता हूँ

पता है कुछ भी बदलता नहीं है शिकवे से
मगर मैं शिकवा-ए-हालात करता रहता हूँ

बिछी हुई है मेरे सामने बिसाते-हयात
जहाँ मैं ख़्वाब को शह-मात करता रहता हूँ

कभी तो फूल भी फूटेंगे ख़ुश्क आँखों से
मुसल्सल अश्क की बरसात करता रहता हूँ

हर एक शय में तेरा नक़्श ढूँढता हूँ मैं
तेरे जुनून की ख़िदमात करता रहता हूँ

पड़ा नहीं है तेरे हिज्र से मुझे कोई फर्क़
मैं तुझसे अब भी मुलाक़ात करता रहता हूँ

लो फिर से आपके तंज़ों पे हँस रहा हूँ मैं
ये मस्ख़री तो मैं हज़रात करता रहता हूँ

दरीचा वा नहीं करता हूँ रोशनी के लिये
मैं दिन को सुब्ह से ही रात करता रहता हूँ

अभी भी सोचता रहता हूँ तेरे बारे में
“बस इक तलाफ़ी-ए-माफ़ात करता रहता हूँ”

दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment