शब की आँखों से टपकता अफ़सोस
बढ़ता जाता है अँधेरा...अफ़सोस
बढ़ता जाता है अँधेरा...अफ़सोस
पाँव में यास की ज़ंजीरें हैं
बन गया है मेरा पिंजरा अफ़सोस
सुब्ह से शाम तक आहो-ज़ारी
ज़िन्दगी क्या है....तुम्हारा अफ़सोस
आरज़ू जाओ नया घर ढूँढो
दिल तो कब का हुआ ख़स्ता अफ़सोस
मुझको अफ़सोस यही होता है
तुझको भी तो कभी होता अफ़सोस
कुछ भी कहने से बहुत डरता हूँ
कितना नाज़ुक है ये रिश्ता अफ़सोस
उठ तो जाती हैं नयी दीवारें
टूट जाता है घरौंदा अफ़सोस
राख कर देगा मेरी दुनिया को
मेरी आँखों में सुलगता अफ़सोस
ज़ीस्त को कर लिया जब ख़ुद ही तबाह
किससे शिकवा भला कैसा अफ़सोस
फैलता जाता है सहरा का दयार
करता रहता है दिवाना अफ़सोस
दिल! कोई वज्ह तो होती ऐसी
"सिर्फ़ वीरानी पे इतना अफ़सोस "
रास्ता ढूँढ ही लेगा दरिया
डूब जायेगा सफ़ीना अफ़सोस
फिर बिखर जायेगा ख़ामोशी में
रेज़ा-रेज़ा मेरा मिसरा अफ़सोस
दाइमी होगा मुझे लगता है
ये "दिनेश" आपके दिल का अफ़सोस
दिनेश नायडू
No comments:
Post a Comment