मेरी दुनिया के सभी रंग मिटाने आई
शाम फिर रात की तस्वीर बनाने आई
आख़िरश मेरी सदाओं को दबाने आई
उसकी ख़ामोशी मुझे डांट लगाने आई
जब भी मैं और किसी काम में मसरूफ़ हुआ
झट से इक याद मुझे आँख दिखाने आई
अब तो दुनिया भी नहीं और वो रिश्ता भी नहीं
अब कहीं जा के मेरी अक्ल ठिकाने आई
सरसरी ज़िक्र किया झील सी उन आँखों का
पूरी दुनिया मुझे आईना दिखाने आई
कैफ़ियत कैसी है उसके बिना मैं क्या बोलूं
जैसे हर बात मेरे दिल को दुखाने आई
आज ख़ाबों में कई रोज़ ब'आद इक लड़की
अपने सर को मेरे शाने से लगाने आई
-दिनेश नायडू
No comments:
Post a Comment