Translate

Wednesday, September 9, 2026

ज़िन्दगी! प्यारी ज़िन्दगी मेरी

ज़िन्दगी! प्यारी ज़िन्दगी मेरी
याद आती है क्या कभी मेरी
 
ऐ ख़िजाँ! ज़र्द कर दे अब मुझको 
सबको चुभती है ताज़गी मेरी
 
कहकशाँ हो रही है मुझमें जज़्ब
बुझने वाली है रौशनी मेरी
 
ख़्वाब रोते हैं आसमानों से 
रात यकसर है शबनमी मेरी 
 
एक दीवार को उठाने में 
बैठ जाये न नींव ही मेरी
 
उसको आवाज़ देती रहती है 
आहो-ज़ारी है ख़ामुशी मेरी 
 
और बर्बाद होना होगा मुझे 
"अब इसी में है बेहतरी मेरी"
 
चाँद तेरा, सियाह अब्र मेरा
चाँदनी तेरी, तीरगी मेरी
 
अब भी लगता है उसकी आहट से 
टूट जायेगी ख़ामुशी मेरी 
 
होती जायेगी मेरी मिट्टी ख़ुश्क 
ज़ख्म पी जायेगा नमी मेरी 
 
काश मिल पाता मैं दुबारा "दिनेश"
मुझको खलती है अब कमी मेरी
 
दिनेश नायडू 

No comments:

Post a Comment