Translate

Saturday, June 27, 2026

G157- बन नहीं पाया सहारा, मुझको कर देना मुआफ़

बन नहीं पाया सहारा, मुझको कर देना मुआफ़
तुझसे मिलने आ न पाया, मुझको कर देना मुआफ़

आगे दो-राहा नज़र आने लगा है हमसफ़र 
मुख़्तलिफ़ है अपना रस्ता, मुझको कर देना मुआफ़

जगमगाहट से सराबों की चला आया था तू 
मैं हूँ इक बेअंत सहरा, मुझको कर देना मुआफ़

पाँव से लिपटी हुई हैं ज़िंदगी की मुश्किलें
ऐ मेरे ख़ाबों की दुनिया, मुझको कर देना मुआफ़

सिर्फ़ कहता ही रहा मैं दोस्त तेरे सामने 
बात तेरी सुन न पाया, मुझको कर देना मुआफ़

जो दुआ पूरी नहीं कर पायेगा तेरी कभी
मैं हूँ वो टूटा सितारा, मुझको कर देना मुआफ़

काश इक मौक़ा तो देता बोल पाने का ग़ुरूर 
काश तुझको बोल पाता, मुझको कर देना मुआफ़

सारे ग़म मौजों की सूरत खींचते हैं पाँव को 
अब सदा देता है दरिया, मुझको कर देना मुआफ़

इसलिए घर से बिना बोले निकल आया "दिनेश"
मुझसे सब कुछ टूट जाता, मुझको कर देना मुआफ़

No comments:

Post a Comment