Translate

Monday, April 14, 2025

अफवाह सिर्फ़ एक उड़ाने की देर थी

 आँखों में सर्द रात बिठाने की देर थी
बस आख़िरी चराग़ बुझाने की देर थी 

हमको दिखाई देने लगी पूरी कायनात
अपने जहाँ को सिफ़्र बनाने की देर थी 

फिर शह्र सूखे पत्ते के मानिंद जल उठा
बस इक ज़रा सी आग लगाने की देर थी

हर कश के साथ शेर में ढलते गए ख़याल
सिगरट को आँसुओं से जलाने की देर थी

दिल टूट के बिखरता गया मेरे सामने
प्यारे! ग़ज़ल की शाख हिलाने की देर थी

अब ज़िन्दगी सलाह भी देने लगी है तू
कुछ वक़्त मेरे साथ बिताने की देर थी

अहले-अदब तमाम नज़र आ गए हमें
अफवाह सिर्फ़ एक उड़ाने की देर थी

मुझको समझ में आ गया दुनिया का एहतिमाम 
बस खाक़ में बदन को मिलाने की देर थी 

दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment