Translate

Friday, April 17, 2020

हर एक टीस बदल जाती है सदाओं में


मैं जिसको ढूंढ रहा हूँ सभी दिशाओं में
सुना है अब वो रहा करता है ख़लाओं में

कहाँ से आती है आवाज़ सहमी सहमी सी
ये इक अज़ाब सा रहता है क्या हवाओं में

किसी का अक्स मिरे इर्द गिर्द रहता है
किसी की याद भटकती है इन फ़ज़ाओं में

तमाम शोर ख़मोशी में ढलता जाता है
हर एक टीस बदल जाती है सदाओं में

ज़रीया कौन है अश्कों के आने-जाने का
कहाँ से आयी नमी ज़ह्न की गुफाओं में

बिखर रहा हूँ मैं बारिश की सर्द बूंदों से
वो चाहता है तो मिल जाउंगा घटाओं में

गुज़रना होगा जुदाई के सर्द मौसम को
दबी है दूब कहीं बर्फ की रिदाओं में

हज़ार ज़ुल्म करें उफ़ नहीं करेंगे हम
हमारा नाम भी लिख लीजे बेसदाओं में

दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment