Translate

Thursday, March 6, 2025

उसने मेरी ज़िन्दगी को ख़ाब जैसा कर दिया

एक चुभती धूप को महताब जैसा कर दिया
उसने मेरी ज़िन्दगी को ख़ाब जैसा कर दिया

अंदर अंदर घुल रही है रफ़्ता रफ़्ता ज़िन्दगी
ग़म ने मेरे अश्कों को तेज़ाब जैसा कर दिया

कितने लोगों को बचा पाता मैं ऐसी बाढ़ में 
मैंने अपनी नाव को ग़र्क़ाब जैसा कर दिया 

आ गए आयाम कितने ही नए अशआर में
सिर्फ मिसरों में कहीं ऐराब जैसा कर दिया
 
कितना सूना लग रहा था पानियों का सिलसिला
मैंने पत्थर फेंक कर गिर्दाब जैसा कर दिया
 
उसने कुछ बोला नहीं ऐसे तो मुझको देख कर
उसकी आँखों ने मगर आदाब जैसा कर दिया

हर क़दम रखने से पहले सोचता हूँ ठहर के
मुझ नदी को उसने इक तालाब जैसा कर दिया

अब पड़ा रहता हूँ ख़ुद में बंद इस घर में कहीं
यूँ मुझे घर वालों ने अस्बाब जैसा कर दिया

जिस्म के सहरा में उसको ढूंढता फिरता हूँ मैं
जिसने मेरी ख़ाक को गिर्दाब जैसा कर दिया

नर्म रौ दरिया के जैसा बह रहा था मैं दिनेश 
एक ही ठहराव ने सैलाब जैसा कर दिया

दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment