मिरी आंखों में देखो, मेरी बातें सुनो तुम
ये कैसा मौन तुमने बसा रक्खा है ख़ुद में
मुझे आवाज़ तो दो, कोई तो बात छेड़ो
चलो अब जाग जाओ, उठो इस नींद से तुम
अभी तुमने जहाँ में नहीं देखा है कुछ भी
बहारों को अभी तक नहीं जाना है तुमने
कई फूलों के मौसम तुम्हारे मुंतज़िर है
अभी सुबह की किरने नहीं देखी है तुमने
अभी तपना है तुमको, तुम्हें होना है सोना
अभी बारिश का मौसम नहीं गुज़रा है साथी
तुम्हें फिर भीगना है दुबारा ज़िंदगी में
मिरे हाथों को थामो, करो मुझ पर भरोसा
निकल आओगे बाहर तुम इन गहराइयों से
तुम अपनी दिल की बातें चलो मुझको सुनाओ
तुम्हें क्या ग़म है प्यारे बताओ मुझसे बोलो
मुझे आँसू दो अपने, मुझे हर ज़ख़्म दे दो,
मुझे ख़ामोशियाँ दो , मुझे नाकामियाँ दो
नहीं छोड़ूँगा तुमको कभी भी मैं अकेला
मेरे ख़ामोश साथी मुझे आवाज़ तो दो
यहीं हूँ मैं यहीं हूँ , कोई तो बात छेड़ो
मुझे मालूम है तुम बहुत टूटे हुए हो
समय की रेत तुमको निगलती जा रही है
तुम्हें ख़ुद पर नहीं है ज़रा सा भी भरोसा
मगर मुझको पता है अभी साँसे है तु में
तुम्हारी नब्ज़ अब भी मुसलसल चल रही है
अभी तुम जी रहे हो , अभी तुम जी रहे हो
मिरी आवाज़ को तुम अभी भी सुन रहे हो
तुम्हें मालूम होगा मैं तुमको जानता हूँ
तुम्हें मालूम होगा तुम्हारे लौटने से
मिरी वीरान दुनिया दुबारा जी उठेगी
तुम्हें मालूम होगा मिरे ख़ामोश साथी
तुम्हारी ज़िंदगी पर अभी तक हक़ है मेरा
दिनेश नायडू
No comments:
Post a Comment