Translate

Saturday, May 16, 2020

अमूमन साल के इस वक़्त केवल ठण्ड होती है (नज़्म)


अमूमन साल के इस वक़्त केवल ठण्ड होती है
यहाँ मौसम बहुत ही सर्द हो जाता है इस दौरान
अमूमन साल के इस वक़्त केवल ठण्ड होती है

दरीचे से मैं बाहर देखता हूँ कैसा आलम है
सफ़ेदी ही सफ़ेदी हर तरफ बर्फ़ीला मौसम है
किसी कोरे से कागज़ सी मुझे ये दुनिया लगती है
अमूमन साल के इस वक़्त केवल बर्फ़ पड़ती है

कभी लगता है बाहर के मनाज़िर कह रहे हैं कुछ
हरे पत्तों की सहमी सी सदा मौसम में बहती है
दरीचे से मिरे कमरे के कोई अक्स दिखता है
मुझे ख्वाबीदा आँखों से कोई तकता ही रहता है

मगर मैं अब किसी मौसम से रिश्ता रख नहीं सकता
तवज्जोह इन पुकारों इन निगाहों को नहीं देता
मुसलसल ज़हन में हर वक़्त बस ये बात रहती है
अमूमन साल के इस वक़्त केवल ठण्ड होती है

मैं बैठा हूँ बड़े आराम से आराम कुर्सी पर
सुना करता हूँ मैं कुर्सी के हिचकोलों की आवाज़ें
लिखा करता हूँ कुछ टूटे से मिसरे अपनी कॉपी में
कई दिन से मैं कोशिश कर रहा हूँ नज़्म कहने की

अलाव इक ओर मद्धम जल रहा है मेरे कमरे में
जला कर मैं भी इक सिगरेट इसी के साथ जलता हूँ
मेरे कमरे में चारों ओर केवल राख बिखरी है
धुंआ इतना है कमरे में कि जैसे धुंध छाई हो

अमूमन साल के इस वक़्त केवल धुंध होती है
उफ़ुक़ भी अब्र के पीछे छिपा रहता है इस दौरान
यहाँ इस वक़्त दिन है कितना छोटा रात है लम्बी
कई दिन हो गए मुझको कोई भी रौशनी देखे

न जाने क्यूँ मुझे याद आती है ख़ाबों की वो दुनिया
जब आलम था बहारों का ,चमकती धूप थी सर पर
न जाने क्यूँ मेरे मन में ख़यालों का है कोलाहल
इसी कारण ख़यालों की मैं थोड़ी भी नहीं सुनता

मैं फिर से शायरी की ढाल रख लूँगा मिरे आगे
मैं फिर से इस अधूरी नज़्म में ही डूब जाउंगा
मुझे मालूम है इस वक़्त केवल बर्फ पड़ती है
अमूमन साल के इस वक़्त केवल ठण्ड होती है

दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment