Translate

Friday, April 17, 2020

ये बारिश आज कितनी ख़ुश्क सी है


मिरे कमरे में पूरी चांदनी है
फ़क़त तेरी कमी बाक़ी रही है

मैं सहरा में तसल्ली से रहूँगा
मुसलसल तिश्नगी ही तिश्नगी है

ख़मोशी ओढ़ कर बैठे हैं सब पेड़
ये बारिश आज कितनी ख़ुश्क सी है

हवा आयी है किस दुनिया से हो कर
हर इक टहनी शजर की कांपती है

किसी पर्वत ने है ऐसे पुकारा
समंदर से नदी की वापसी है

मैं उससे दूर होता जा रहा हूँ
बहुत ख़तरे में मेरी ज़िन्दगी है

अभी तो सर्दियों का दौर होगा
फ़ज़ा रोना था जितना रो चुकी है

मैं हर दीपक बुझाता जा रहा हूँ
मेरी दुनिया में इतनी रौशनी है

दरीचा अब नहीं खुलता तुम्हारा
नज़र लेकिन किसी की मानती है

वो जो हस्सास लड़का मर गया था
अब उसका शौक़ केवल शाइरी है

कभी ठहरा नहीं फूलों का मौसम
दिलों का टूट जाना क़ुदरती है


दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment