Translate

Friday, April 17, 2020

तू कभी आ के मिरी आँखों का पानी पढ़ना


इक हरे ख़त में कोई बात पुरानी पढ़ना
कितना मुश्किल है किसी आँख का पानी पढ़ना

कुछ न कुछ सोचना बस सोचना यूँ ही दिन भर
और फिर रात में परियों की कहानी पढ़ना

एक ही चेहरे की बौछार है क़िस्सा अपना
मेरी आँखों से इसे दुश्मने-जानी पढ़ना

कूद जाना तिरी यादों के समंदर में फिर
डूबते डूबते मौजों की रवानी पढ़ना

आखिरी बार मुझे देखना जाते जाते
सूखी आँखों से मिरा सैले-मआनी पढ़ना

मैंने इक दौर का सावन है किया नज़्म यहाँ
तू कभी आ के मिरी आँखों का पानी पढ़ना

दिनेश नायडू

No comments:

Post a Comment